राजनांदगांव । मानपुर इलाके में लापता सहायक आरक्षक की बाईक और उस पर एक संदिग्ध नक्सल पर्चा बरामद हुआ है। कांकेर जिले के कोड़ेखुरसे थाने में सहायक आरक्षक के पद पर पदस्थ मनोज नेताम बीते 28 अप्रैल से अपनी ड्यूटी पर नहीं है। उसके लापता होने पर खोजबीन के दौरान उसकी बाईक राजनांदगांव जिले के मानपुर के रानवावाही व बस्तर जिले के भुरके गांव के बीच एक मई को बरामद की गई । अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश बढ़ई ने बताया कि हम पड़ोसी जिले की पुलिस के साथ मिलकर जवान की तलाश में जुटे हुए हैं। सभी दृष्टिकोण से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जवान मनोज नेताम मूलत: कांकेर के भानूप्रतापपुर इलाके का रहने वाला है। वह 28 अप्रैल से लापता है। इस दौरान ही उसकी बाईक मानपुर इलाके में पड़ोसी जिले की सरहद के पास बरामद की गई । बताया गया कि उसकी बाईक से एक पर्चा मिला है जिसमें नक्सलियों द्वारा उसका अपहरण किए जाने का उल्लेख है। लेकिन यह पर्चा पूरी तरह संदिग्ध है। नक्सली कभी भी इस तरह के पर्चे का इस्तेमाल नहीं करते।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, हम पड़ोसी जिले की पुलिस के साथ मिलकर खोजबीन में जुटे हुए हैं। जवान का फोन ट्रेस किया जा रहा है। इस मामले में किसी भी तरह का मोड़ आ सकता है। लेकिन नक्सलियों ने जवान का अपहरण किया हो इसकी उम्मीद बेहद कम है। अंदेशा जताया जा रहा है कि जवान की बाईक को बाद में यहां लाकर छोड़ा गया है और इसे नक्सल घटना दिखाने की कोशिश की गई है। बहरहाल, लापता जवान की चप्पे-चप्पे पर खोजबीन जारी है।
chhattisgarhrajya.com
ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
Important Page
© 2025 Chhattisgarhrajya.com. All Rights Reserved.

