ग्राम थानाबोड़ी का एक ग्रामीण 10 साल पहले लापता हो गया था। परिजनों ने नरहरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले के 10 साल गुजरने के बाद अब भतीजे ने लापता के बेटे व परिजनों पर ही हत्या का आरोप लगाकर शव बाड़ी में दफनाने की शिकायत एसपी से की थी। इस पर 1 मई को टीम ने मौके पर पहुंच बताए जगहों पर खुदाई कराई लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला। जानकारी के अनुसार ग्राम थानाबोड़ी निवासी दरबारी नेताम पिता स्व रामदयाल नेताम 10 वर्ष पहले लापता हो गए। परिजनों द्वारा नरहरपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
अब 10 साल बाद उनके भतीजों हीराराम नेताम व भाई आनंद नेताम ने पुलिस अधीक्षक को 13 फरवरी 2021 को शिकायत करते कहा उनके भाई की उनके बेटे व परिवार वालों ने हत्या कर बाड़ी में ही गाड़ कर उसी जगह पर नींबू का पौधा उगा दिया है। मामले की जांच कर दोषियों को सजा दिलाने मांग की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जांच टीम 1 मई को बताए घटनास्थल पहुंची। प्रार्थी के समक्ष दो जगह पर खुदाई कराई गई लेकिन कुछ नहीं मिला।
मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ तहसीलदार नरहरपुर आशा मौर्य, एसडीओपी कांकेर तस्लीम आरिफ, नरहरपुर टीआई तोबियस खां, हल्बा चौकी प्रभारी सहित ग्राम पटेल विजय जैन, कोटवार गिरधारी नेताम, जगदीश तारम, फूलचंद सिन्हा, पतंग यादव एवं डॉक्टर की टीम सुबह से ही घटनास्थल पर जुटी रही। प्रार्थी के तसल्ली होते तक पूरी जांच की गई। मामले में शिकायत झूठी निकली। टीम ने प्रार्थी, ग्रामीणों व परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया है।

