भिलाई । भिलाई-दुर्ग में कोरोना के कहर को नियंत्रित करने लगाए गए लॉकडाउन के बावजूद शराब का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। कार्रवाई के नाम पर पुलिस इस धंधे के छोटी मछलियों को पकड़कर अपनी पीठ खुद थपथपा रही है। बड़ी मछलियां शिकंजे से बाहर रहने से कुछ थानों के पुलिस की धरपकड़ अभियान महज औपचारिक साबित हो रहा है।
शराब के अवैध धंधा करने वाले कोरोना आपदा को अवसर में तब्दील कर जमकर कमा रहे हैं। लेकिन जिस तरीके से अब तक अवैध शराब के धंधे की बड़ी मछलियां शिकंजे से बाहर हैं। उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आबकारी और पुलिस के कुछ जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी भी आपदा को अवसर में बदलने के मौके को यूं ही जाने नहीं देना चाह रहें। जिस तरीके से अभी तक भिलाई-दुर्ग के पुराने शातिर माने जाने वाले शराब तस्कर और कोचिए पुलिस की कार्रवाई से बचे हुए हैं। उससे मिलीभगत की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।
कोरोना के चलते प्रदेश में सबसे पहले 6 अप्रैल से दुर्ग जिले में लॉकडाउन लगाया गया। इसके साथ ही देशी और अंग्रेज़ी शराब की सरकारी दुकानें पूरी तरह से बंद है। लेकिन शराब के शौकिनों को इस लॉकडाउन में भी आसानी से शराब शहर में मिल रही है। इतना जरूर है कि शराब का शौक पूरा करने के लिए लोगों को अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है। बावजूद इसके शहर में शराब की मांग बनी हुई है। इसका भरपूर फायदा शराब के अवैध धंधे में संलग्न तस्कर और कोचिए उठा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दुर्ग जिले में पहले लॉकडाउन की घोषणा 3 अप्रैल को होने के साथ ही अवैध कारोबारियों ने जितना हो सका उतना शराब सरकारी दुकानों से खरीद कर सुरक्षित रख लिया था। इस शराब को 6 अप्रैल को लॉकडाउन प्रभावी होने के बाद अधिक कीमत पर बेचा गया। फिर जब लॉकडाउन बढ़ता चला गया तो शराब तस्करों ने पड़ोसी राज्यों का रूख किया। मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र और ओडिशा से देशी व अंग्रेजी शराब लाकर भिलाई -दुर्ग में अभी भी बेखौफ अंदाज में मुंह मांगी कीमत पर बेचा जा रहा है। मैकडावल नंबर वन और रायल स्टैग जैसे प्रचलित ब्रांड के अंग्रेजी शराब की बोतल तीन हजार रुपये में बिक रही है।
उल्लेखनीय है कि हाल के कुछ दिनों में जिले के जामुल, मोहन नगर व भिलाई भट्टी थाना सहित रेलवे पुलिस ने शराब के अवैध धंधा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए हैं। इसमें जामुल पुलिस की कार्रवाई में शराब की पेटियों से भरी दो लक्जरी कार समेत तस्करों का हत्थे चढऩा विशेष रहा। जबकि कुछ थाना क्षेत्र में तो 6 अप्रैल को लॉकडाउन शुरू होने के बाद से अब तक अवैध शराब का एक भी मामला सामने नहीं आ पाया है। वहीं जिन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई हुई है उसमें पकड़े गए आरोपियों की गिनती अवैध शराब के धंधे में छोटी मछलियों के रूप में की जा रही है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
Exit mobile version