्ररायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल कार्यक्रम में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के वर्ष 2018-19 और वर्ष 2019-20 के पदक विजेता 1547 खिलाडिय़ों को 2 करोड़ 38 लाख 38 हजार रूपए की पुरस्कार राशि का वितरण किया। स्कूल शिक्षा मंत्री द्वारा कार्यक्रम में राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक अर्जित कर राज्य को गौरवान्वित करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। शिक्षा सत्र 2018-19 में 822 और सत्र 2019-20 में 725 खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त किया है। राज्य शासन द्वारा राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता को 21 हजार रूपए, रजत पदक विजेता को 15 हजार रूपए और कांस्य पदक विजेताओं को 10 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने वर्चुअल कार्यक्रम में रायपुर जिले के दो खिलाडिय़ों कशिश सोनकर और विमल नन्देश्वर को 21-21 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि का डिमांड ड्राफ्ट प्रदान कर सम्मानित किया। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता में सभी खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के लिए यह गौरव की बात है कि वर्ष 2018-19 में छत्तीसगढ़ प्रदेश ने देश में छठवां स्थान और वर्ष 2019-20 में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में सातवां स्थान प्राप्त किया। डॉ. टेकाम ने वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से सम्मानित होने वाले सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों के उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने सभी व्यायाम शिक्षकों को भी बधाई दी, जिनके मार्गदर्शन में सभी खिलाडिय़ों ने यह अविश्वसनीय उपलब्धि प्राप्त की है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों ने सत्र 2018-19 में राज्य में प्रथम स्थान रायपुर जोन, द्वितीय स्थान राजनांदगांव जोन और तृतीय स्थान दुर्ग जोन ने प्राप्त किया। इसी सत्र में जिलावार प्रथम स्थान राजनांदगांव जिला, द्वितीय स्थान रायपुर जिला और तृतीय स्थान पर दुर्ग जिला रहा। इसी प्रकार शिक्षा सत्र 2019-20 में राज्य में प्रथम स्थान रायपुर जोन, द्वितीय स्थान राजनांदगांव जोन और तृतीय स्थान कबीरधाम जोन ने प्राप्त किया है। इसी सत्र में जिलावार प्रथम स्थान राजनांदगांव जिला, द्वितीय स्थान रायपुर जिला और तृतीय स्थान बेमेतरा जिले ने प्राप्त किया। कार्यक्रम को संचालक लोक शिक्षण जितेन्द्र शुक्ला ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक के.सी. काबरा, जिला शिक्षा अधिकारी ए.एन. बंजारा, खेल प्रभारी श्री अनिल मिश्रा सहित सम्मानित होने वाले रायपुर जिले के खिलाड़ी भी उपस्थित थे।

