भिलाई। वार्ड 35 में सटोरियों के गुर्गों द्वारा दो सगे भाईयों पर प्राणलेवा हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। 21 मई की रात 11 बजे केम्प दो गांधी चौक वार्ड 35 सोनकर मोहल्ला के दो सगे भाई जय सिंह सोनकर और रिंकू सोनकर पर केम्प दो, शीतला मंदिर प्रकाश आटा चक्की के आगे महावीर शासकीय उचित मूल्य की दुकान के पास सट्टा संचालन केंद्र के पास धारदार हथियार प्राणघातक घातक हमला कर दिया। पीडि़त दोनों सगे भाईयों ने बताया के वे दोना ऑटो पर घूम-घूमकर फल बेचते हैं। रात 11 बजे वे दोनों थोक फल मंडी से ऑटो से आम लेकर आ रहे थे। तभी सट्टा खेलाने वाले के गुर्गों हिमांशु, शुभम, सीरिया व अन्य 4-5 लोगों द्वारा सिर पर कई वार किया गया। साथ ही इन आरोपियों द्वारा उनके पास रखे 5 हजार रूपए भी लूट लिए गए और ऑटो को भी तोड़ दिया गया। शिकायत पर छावनी पुलिस आरोपियों को अपने साथ ले गई और फिर बाद में उन्हें छोड़ दिया। रात में रिपोर्ट नहीं लिखी गई। वहीं रात में आकर उल्टे पुलिस के कुछ लोगों ने पीड़ितों व उनके परिजनों को धमकाया। दरमियानी रात 1.30 बजे पीड़ित पक्ष के महिला रिश्तेदारों को नशे में धुत पुलिस अजीत नारायण यादव ने अभद्र व्यवहार करते हुए गालीगलौज की। बड़ी मुश्किल से शनिवार की दोपहर को रिपोर्ट लिखी गई। आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 506, 294 व 234 का अपराध कायम किया गया है।

