रायपुर। सामाजिक संस्था वक्ता मंच द्वारा कोरोना संक्रमण एवं लॉकडाउन से प्रभावित लोगों के सहायतार्थ जारी सेवा कार्यो के 43 वे दिन आज 25 मई को राजधानी की झुग्गी झोपडिय़ों तक पहुँचकर 100 पैकेट सूखा राशन, मास्क व साबुन का वितरण किया गया। आज गोपियापरा, मठपुरैना, टिकरापारा, संतोषी नगर, डबरीपारा क्षेत्र की गरीब बस्तियों में घूम घूमकर वक्ता मंच के कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों तक राशन पहुंचाया। वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने जानकारी दी है कि शहर में संक्रमण कम होने एवं प्रतिबंधों में ढिलाई के बाद लोग सामान्य जीवन की ओर लौट रहे है। लेकिन मास्क,शारीरिक दूरी एवं हाथों की नियमित अंतराल पर सफाई जैसे नियमो का कड़ाई से पालन जरूरी है। सेवा कार्य के दौरान संस्था द्वारा जन मानस को आवश्यक सावधानियों का लगातार पालन करने का सुझाव दिया जा रहा है। विशेषकर तीसरी लहर आने की चेतावनी के दृष्टिगत सावधानियों का लंबे समय तक पालन करना जरूरी हो जाता है। आज वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू के नेतृत्व में हेमलाल पटेल, गोपीचंद निषाद, देवेंद्र चावला, संदीप साहू, डॉ इंद्रदेव यदु, दुष्यंत साहू, यशवंत यदु ने वितरण कार्य का संचालन किया। जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि लॉक डाउन के शिथिल होने के बाद शहर में भीड़ एवं लापरवाही बढ़ी है। यह पुन: एक नये खतरे की ओर संकेत करती है। ब्लैक फंगस व महामारी के अन्य रूपो के आगमन से मानव जीवन व स्वास्थ्य पर खतरा कई गुना बढ़ गया है। वक्ता मंच द्वारा जन सामान्य से आवश्यक सुरक्षा उपायों को अपनाते हुए अपने दैनन्दिन के कार्यो को पूरा करने का अनुरोध किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि लॉक डाउन घोषित होने के बाद से ही वक्ता मंच द्वारा निरंतर जन सेवा का कार्य किया जा रहा है।
