रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के बलौदाबाजार क्षेत्र का गांव पौसरी एक हैवान की हैवानियत से दहल उठा है, यहां एक सात वर्षीय बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर को रस्सी से बांधकर कुएं में फेंक दिया। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बलौदाबाजार के कोतवाली थाना इलाके के ग्राम पौंसरी में 26 मई की दोपहर 7 साल की बच्ची घर से खेलने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने बहुत ढूंढा, लेकिन बच्ची कहीं नहीं मिली। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को ढूंढा, तब उन्हें बच्ची का शव कुएं में तैरते हुए मिला। बच्ची के साथ किसी अनहोनी की आशंका जाहिर की जा रही थी। बच्ची की शव का शार्ट पोस्टमार्टम में चौकाने वाला खुलासा हुआ, बच्ची के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया गया और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बच्ची के हाथ-पैर को रस्सी से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया। इधर पुलिस का कहना है कि पौंसरी गांव में एक नाबालिग बच्ची का शव मिला है. जिसकी शार्ट पीएम रिपोर्ट में नाबालिग के साथ रेप के बाद हत्या करने की पुष्टि हुई है। इस मामले में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच जारी है।
