
रायपुर। बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में संचालित अवैध कारोबार के खिलाफ जिला युकां नेता हेमंत वर्मा ने मोर्चा खोल दिया है। श्री वर्मा ने अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, जिले प्रभारी एवं स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिहदेव, संसदीय सचिव एवं कसडोल विधायक सुश्री शकुंतला साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। सौंपे गये ज्ञापन में युकां नेता हेमंत वर्मा ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान लगतार क्षेत्र में अवैध कारोबार जुआ, सट्टा, महुवा शराब बिक्री संचालित हो रही थी जिसके संबंध में पलारी थाना प्रभारी के पास कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नही की गई, हमेशा राजनीतिक रंग दे के टाल दिया जाता था। अवैध शराब और जुआ में क्षेत्र के युवा और छात्र संलिप्त हो जा रहे है जिससे युवा वर्ग को बहुत नुकसान हो रहा है। श्री वर्मा ने कहा कि इस संबंध में अगर एक सप्ताह में कार्यवाही नहीं होती है तो युवा कांग्रेस व एनएसयूआई अनिश्चितकालीन और उग्र धरना प्रदर्शन करेगी।