रायपुर। सफल वैवाहिक जीवन का आधार आपसी सामंजस्य, प्रेम और विश्वास है। लेकिन जब दोनों में से किसी एक को जरा सी शंका हुई तो पूरा जीवन तबाह हो जाता है। कुछ ऐसी घटना छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से सामने आई है जहां एक पति को शादी के महज 3 माह बाद ही चरित्र शंका हो गया। और इसके चलते उन्होंने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पति को अपनी पत्नी का किसी अन्य के साथ अवैध संबंध का शक था। पुलिस के मुताबिक बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय कवेरी साहू और रामचरण साहू की 3 महीने पहले ही शादी हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन होने लगी। पति अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करता था। उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ अवैध संबंध है जिस कारण पति-पत्नी में अक्सर विवाद होते रहता था। बुधवार की सुबह भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. यह विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर पति रामचरण साहू ने पास में रखे धारदार हथियार बसुला से पत्नी कवेरी के गले पर हमला कर दिया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हत्या के बाद पति ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया है।
