जब दूल्हा ने दहेज लेने से इंकार कर दिया तो उसके ससुराल वालों ने उपहार में ऐसी चीज दी कि लोग हैरान रह गये। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में रहने वाले सूर्यकांत बरीक शिक्षक हैं. सूर्यकांत की शादी पूर्वी मिदनापुर की रहने वाली प्रियंका बेज से हुई. सूर्यकांत की जब शादी हुई तो उन्होंने अपनी शादी में दहेज लेने से मना कर दिया था. हालांकि जब वह बारात लेकर शादी करने के लिए विवाह स्थल पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए थे. क्योंकि दुल्हन के परिवार वालों ने उन्हें ऐसी चीज दी जिसके बारे में उन्होंने कभी सोचा भी नहीं रहा होगा. सूर्यकांत को उनके ससुराल के लोगों ने दहेज के रूप में एक लाख रुपये की एक हजार किताबें दी थीं. इन किताबों में रबींद्रनाथ टैगोर, शरत चंद्र चटोपाध्याय, बंकिम चंद्र चटर्जी जैसे देश के नामी बंगाली लेखकों की किताबें थीं. इसके अलावा हैरी पॉटर जैसी किताब भी दहेज के रूप में दी गई थी. इन किताबों को दुल्हन के परिवार ने 150 किलोमीटर दूर से मंगवाया था. इस शादी में आने वाले मेहमानों से भी अपील की गई थी कि वो कोई भी कीमती गिफ्ट न लाएं, बल्कि इसके बदले वो भी दूल्हा-दुल्हन को किताबें ही गिफ्ट करें. दुल्हन प्रियंका का भी कहना था कि उन्हें ऐसी शादी में यकीन नहीं है, जिसमें दहेज लिया-दिया जाए. उन्होंने खुशी जताई थी कि उनके पति भी दहेज प्रथा के खिलाफ हैं.

