रायपुर। बीते दिनों राज्यसभा की घटना को याद करते-करते छत्तीसगढ़ राज्यसभा सांसद छाया वर्मा एवं फूलोदेवी नेताम की आंखें भर आई। आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान उस दिन राज्यसभा में क्या हुआ था, इसकी जानकारी दी। उस दिन की घटना को बताते हुए छाया वर्मा ने कहा कि विपक्ष के सदस्य लोकसभा, राज्यसभा के पूरे मार्शल सहित संसद की सुरक्षा में तैनात गार्ड के घेरे में थे। अचानक लाए गए दो बिलों को पास कराने की पूरी प्लानिंग भाजपा ने कर रखी थी। विरोध करने के लिए अवसर और जगह तक नहीं मिली। उस दिन विपक्ष के सदस्यों के साथ जो बदसलूकी हुई उसे पूरे देश ने देखा। इस मामले में भाजपा सांसद गलत बयान दे रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा को पूरे घटनाक्रम का वीडियो जारी करना चाहिए। भाजपा की केन्द्र सरकार को कांग्रेस सांसदों सहित विपक्ष के सांसदों से माफी मांगना चाहिए। सासंद छाया वर्मा ने कहा कि लोकसभा के सांसद जो राज्यसभा के सदस्य नहीं हैं वे छत्तीसगढ़ आकर गलत जानकारी दे रहे हैं। भाजपा सांसदों ने जो कहा उसे राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि न सिर्फ कांग्रेस बल्कि 16 विपक्षी पार्टी ने उस दिन पेगासस, कृषि कानून और महंगाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कराने की मांग की थी। हमें जब ओबीसी बिल पास कराने में मदद करने कहा गया तो हमने जनता के हित की बात पर सहमति जताई। ओबीसी बिल शांतिपूर्वक पास हुआ। 10 मिनट का ब्रेक लिया गया था, लेकिन उस 10 मिनट के अंदर संसद के सारे मार्शल को राज्यसभा में लाकर खड़ा कर दिया गया। किसी को जानकारी नहीं थी, अचानक से 2 बिल लाए गए, इसमें से एक जीवन बीमा का बिल था। विपक्ष ने इसका विरोध करना शुरू भी नहीं किया था,विरोध करने हम आगे गए तो खड़े तक होने की जगह नहीं थी। पहले से ही करीब 50 मार्शल खड़े थे। महिला सांसदों के साथ इस दौरान बदसलूकी हुई। फूलोदेवी नेताम गिरीं और उन्हें चोट भी आई। पूरे सदन में विपक्षी सदस्यों के साथ जमकर धक्का-मुक्की हुई। सांसद छाया वर्मा ने कहा कि पूरे सत्र के दौरान मिनटों में 20 बिल पास हुए,जो पूरे भारत में लागू होना है। इसकी जानकारी दो से तीन लोगों को होती थी।
राज्य सभा की घटना को बताते-बताते भर आई छाया-फूलोदेवी की आंखें…
Related Posts
chhattisgarhrajya.com
ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
Important Page
© 2025 Chhattisgarhrajya.com. All Rights Reserved.
