मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के अतर्गत आने वाला ग्राम मुनगी की महिलाये गांव में अवैध शराब बिक्री से त्रस्त हो चली हैं । इसकी वजह से उनका राह चलना तो दूभर हो ही गया है , नौनिहालों पर पड़ रहे दुष्प्रभाव से भी वे चिंतित है । आक्रोशित महिलाओं ने ग्राम में इसके खिलाफ रैली निकाल व बैठक बुला इसके खिलाफ मोर्चा का शंखनाद कर दिया है ।
बीतेकल शुक्रवार को आहूत बैठक में ग्राम में ग्रामीण व्यवस्था के तहत अवैध शराब बिक्री बंद कराने की मुनादी के साथ – साथ आसन्न 28 सितंबर को महिलाओं का पुनः एक रैली निकालने का निर्णय लिया गया है । बैठक में मौजूद ग्राम प्रमुखों व जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं द्वारा प्रारंभ किये गये इस अभियान के लिये बधाई देते हुये अवैध शराब बिक्री रुकवाने सक्रिय व पूर्ण समर्थन का वादा इन महिलाओं से किया है ।
भगवान राम के ननिहाल ग्राम चंदखुरी से लगा ग्राम है लगभग 3 हजार की आबादी वाला ग्राम मुनगी । ग्रामीण व्यवस्था लड़खड़ाने व शासन की कथित नीति के चलते ग्राम के मुट्ठी भर विध्नसंतोषी तत्वो ने गांव में अघोषित भट्ठी का माहौल बना डाला है । माहौल को और खराब करने में शराब दूकान जाने वाले उन अधिकांश मदिराप्रेमियो का हाथ है जो शासन प्रदत्त सुविधा के अनुसार 16 पौव्वा शराब ले गांव लौट 15 पौव्वा शराब को बेच शराब दूकान आने जाने का खर्च सहित अपना मजदूरी निकालते हैं ।
इसकी वजह से ग्राम में बने अघोषित भट्ठी के माहौल से खासकर महिलाये काफी परेशान व आक्रोशित हैं । इन महिलाओं को मुखर करने का प्रयास पाटन क्षेत्र से पधारे छत्तीसगढ़ महिला समाज के मालती परगनिहा व शारदा वर्मा ने की व इसी प्रयास के चलते स्थानीय महिलाओं ने रैली निकाल मार्गदर्शन व सहयोग की अपेक्षा लिये बैठक आयोजित की थी ।

