जब परिवार में किसी बच्चे का जन्म होने की खबर मिलती है तो चारों ओर खुशियां छा जाती है और बच्चे के पिता को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो जाता है।लेकिन एक शख्स को पिता बनने की बधाई देना एक युवक को काफी महंगा पड़ गया। हुआ यूं कि जब युवक ने उसे पिता बनने की बधाई दी तो उस शख्स ने युवक पर मोबाइल चोरी के शक के चलते चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा पुलिस ने उस शख्स के खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक अजीम परिवार के साथ दिल्ली के नंदनगिरी इलाके के सुंदर नगर इलाके में रहते है और जींस पैंट सिलाई का काम करते है। देर शाम वह अपने दोस्त के साथ खड़ा था। उसके दोस्त ने बताया कि रमजान पिता बनने वाले हैं। अजीम ने गले मिलकर रमजान को पिता बनने की बधाई दे दी उस समय तो रमजान अपने घर चला गया। अगले दिन रमजान का भाई उस्मान अजीम को मिला और कहने लगा पार्क में चलो कुछ काम है। अजीम उसके साथ एच ब्लॉक के पार्क में चला गया। वहां पर उसका भाई रमजान पहले से बैठा हुआ था। उस्मान कहने लगा कि तुमने बधाई देने के दौरान इसका मोबाइल चोरी किया है। इस बात पर मारपीट शुरू कर दी विरोध करने पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया जैसे-तैसे कर अजीम वहां से अपनी जान बचाकर घर के लिए भागा और घटना की जानकारी पुलिस को दी, घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
