नई दिल्ली: मीठे में हलवा सबको अच्छा लगता है। वैसे तो आप कई तरीके के हलवे बनाकर खा सकते हैं। लेकिन आज हम आपके लिए लौकी का हलवा बनाने की एक बहुत स्पेशल और आसान रेसिपी लेकर आए हैं। लौकी का हलवा खाने में इतना स्वादिष्ठ और मजेदार होता हैं कि इसका नाम सुनते ही आपके मुंह में पानी आ गया होगा। लौकी कई जरूरी पोषण तत्वों से भरपूर होता है जा आपकी सेहत के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। साथ ही आप इसको नवरात्रि के व्रत में भी खा सकते हैं, तो आइए जानते हैं लौकी का हलवा बनाने की रेसिपी-
लौकी का हलवा बनाने की सामग्री-
-लौकी -1 किलो (दूधी कद्दूकस की हुई)
-ताजा मावा 100 ग्राम
-घी 2 बड़े चम्मच
-शक्कर 150 ग्राम
-इलायची पाउडर पाव चम्मच
-केसर के लच्छे 2 से 3
लौकी का हलवा बनाने की रेसिपी-
इसको बनाने के लिए आप सबसे पहले एक कढ़ाई लेकर उसमें घी गरम करें। फिर इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालें और इसे हल्का सा भूनकर अलग रख लें। इसके बाद आप इस कढ़ाई में थोड़ा-सा पानी और चीनी डालकर अच्छे से मिला लें। फिर जब इसमें चीनी अच्छे से घुल जाए, तो इसमें भूनी हुई लौकी डाल दें और अच्छे से मिला दें। इसके बाद जब इसमें से चीनी का पानी पूरी तरह सूख जाए और ये चाशनी जैसा गाढ़ा दिखाने लगे तो इसमें मावा डालकर ठीक से मिला लें। इसके बाद आप इसमें इलायची पाउडर डालकर 2-3 मिनट तक अच्छे से चलाकर पका लें। फिर आप केसर को हाथ से मसलकर ऊपर से सजाएं। अब आपका लौकी का गमागरम हलवा बनकर तैयार हो गया है। फिर आप इसको सर्व करें।

