नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार सहित कुछ राज्यों में छिटपुट बारिश और जम्मू, हिमाचल और अन्य क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है। आइएमडी ने कहा कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ और इससे प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण 26 दिसंबर से उत्तर पश्चिम भारत और 27 दिसंबर से मध्य भारत को प्रभावित कर सकता है। आइएमडी के एक ताजा अपडेट के अनुसार एक चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव में अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। देश की राजधानी दिल्ली में सुबह और शाम के दौरान कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार की सुबह पंजाब और उत्तरी-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा दर्ज किया गया। दिल्ली में मध्यम कोहरा जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया। दिल्ली में आज सुबह विजिविलिटी 200 मीटर दर्ज की गई। दिल्ली के कई इलाकों में सर्दी की वजह से सुबह में लोगों को आग जलाकर हाथ सेंकते हुए भी देखा गया।
