दूर के रिश्ते का देवर अक्सर दारू पीकर भाभी के कमरे में घुसकर उससे गाली गलौज, मारपीट और छेडख़ानी करता था। उसके रोज-रोज के इस हरकत से तंग आकर भाभी ने उसके शरीर को गोद डाला। यह मामला पुर्णिया के रूपौली थानातंर्गत गिद्धा गांव का है। जहां शनिवार की सुबह नशे की हालत में पूर्व महिला वार्ड सदस्य के घर में घुसे दूर के रिश्ते के देवर को महिला ने धारदार हथियार और दांत से गोद डाला है। युवक की चिल्लाहट पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को रेफरल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका तत्काल प्राथमिक उपचार कर, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया है। चिकित्सकों ने बताया कि घायल युवक के शरीर पर विभिन्न जगहों पर 17 जख्म के निशान हैं, जो किसी धारदार हथियार और दांत से किये गए लगते हैं। युवक जीवन-मौत से जूझ रहा है। इस संबंध में महिला ने युवक पर नशे की हालत में घर घुसकर मारपीट, गाली-ग्लौज करने का आरोपित करते हुए थाना में आवेदन दिया गया है। महिला ने कहा कि युवक की गंदी निगाह भी उन पर रहती थी। घटना के बारे में मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गांव का फिलिप मंडल हमेशा ही नशे की हालत में रहता है तथा किसी के साथ भी गाली-गलौज करना आम बात है। सुबह वह नशे की हालत में महिला के घर के सामने गाली-गलौज करने लगा तथा वह उसके साथ मारपीट करते हुए उसके घर में घुस गया। परंतु थोड़ी ही देर में उस घर से लोगों को युवक के चिल्लाने की आवाज आने लगी, तब पुलिस को खबर किया गया। जब पुलिस युवक को महिला के चंगुल से छुड़ाते हुए घर से निकाली, तो उसे देख सभी के रोंगटे खड़े हो गए। पूरा शरीर खून से लहुलहान था। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि अभी महिला की ओर से युवक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, छेडख़ानी का आवेदन दिया गया है। युवक के इलाजरत रहने के कारण, अभी उसकी ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है। पुलिस जांच कर रही है।
