कलेक्टर नम्रता गांधी ने माघ पूर्णिमा 16 फरवरी से आयोजित होने वाले 15 दिवसीय राजिम माघी पुन्नी मेला की तैयारियों की आज व्यापक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया जाए। जिम्मेदार विभाग अपनी तैयारी तत्काल प्रारंभ करें। कलेक्टर ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। राजिम रेस्ट हाउस में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक जे. आर ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ रोक्तिमा यादव सहित विभिन्न क्रियान्वयन एजेंसी के अधिकारी मौजूद थे।
समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के मरम्मत और अस्थाई निर्माण और टेंट और बेरिकेड्स संबंधी समीक्षा की गई। इसी तरह पीएचई विभाग के अधिकारी ने बताया कि पाइप और बायो शौचालय लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को वन विभाग से समन्वय कर बांस बल्ली की आवश्यक व्यवस्था करने कहा गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारी ने कहा कि स्नान कुंड बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। कलेक्टर ने आयोजन के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से चर्चा की। प्रतिदिन होने वाले विभागीय कार्यक्रमों के बारे भी चर्चा की। 16 व 23 फ़रवरी और 1 मार्च को वीवीआईपी के लिए विश्राम गृह में आवश्यक व्यवस्था के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि राजिम माघी पुन्नी मेले के दौरान लक्ष्मण झूले का उपयोग वन-वे होगा। उक्त झुले का उपयोग सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।
अतिथियों का स्वागत एक-एक पुष्प भेंट कर किया जाएगा, गुलदस्ते का उपयोग नहीं होगा।
पुलिस अधीक्षक जे आर ठाकुर ने कहा कि पुलिस बल की व्यवस्था पर्याप्त रहेगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरा भी लगाये जायेंगे। बैठक में विभागों के दिए गए सुझाव के अनुसार प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर जे आर चौरसिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रेश ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अविनाश भोई सहित जिले के अधिकारी भी मौजूद थे।

