झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान तीन अलग-अलग इलाकों में तीन प्रेमी जोड़ों की मौत की खबर से सनसनी फैल गई है. वैलेंटाइन डे से पहले इस तरह की घटना के बाद लोग इस वारदात को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं कि ये क्या ये तीनों घटनाएं खुदकुशी हैं या हत्या, हालांकि पुलिस ने भी इस पर अभी कुछ नहीं कहा है. पहली घटना आज की है, जहां जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के कालाझोर गांव के पास एक पेड़ पर एक ही फंदे से युवक और युवती के शव झूलते पाये गये हैं. जानकारी के मुताबिक दोनों इसी गांव के रहने वाले थे और एक-दूसरे से प्यार करते थे. युवक का नाम कुश और युवती का नाम रीना बताया जा रहा है. लोगों ने बताया कि अहले सुबह दोनों की लाशें पेड़ पर लटकी दिखीं. दोनों ने खुदकुशी की है या उनकी हत्या की गयी है, इसकी पुलिस फिलहाल जांच कर रही है. एमजीएम थाना प्रभारी मिथलेश सिंह ने बताया पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. युवती के पिता और भाई ने प्रेम प्रसंग की बात मानी है. युवती कब घर से निकली और उसके बाद क्या हुआ, इस संबंध में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है. दूसरी घटना रांची शहर के खेलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू खटंगा इलाके की है, जहां बुधवार की शाम एक घर में प्रेमी जोड़े की लाशें फंदे से लटकी पायी गयीं. घटना के बारे में जानकारी मिली है कि युवक आशीष साहनी दोपहर में अपनी प्रेमिका निशु कुमारी के घर पहुंचा था. उस वक्त घर पर कोई नहीं था. दोनों कमरे में बैठकर बात कर रहे थे, तभी मुहल्ले में रहने वाले लड़की के एक रिश्तेदार वहां पहुंच गये. उन्होंने दोनों को साथ देखकर घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया. थोड़ी देर बाद निशु कुमारी की मां घर लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद था और बाहर ताला लटका था. ताला तोड़ा गया और आवाज देने पर पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो थाने को इसकी सूचना दी गयी. पुलिस की मौजूदगी में कमरे की खिड़की तोड़ी गयी तो दोनों एक बेडशीट के सहारे फंदे से लटके पाये गये. यह देखते ही घर में कोहराम मच गया. पुलिस ने कमरे के बाहर ताला लगाने वाले युवती के रिश्तेदार को हिरासत में लिया है. युवक-युवती दोनों के परिवार वालों ने माना है कि दोनों एक-दूसरे को प्यार करते थे और दोनों की शादी की बात भी चली थी, लेकिन किसी वजह से रिश्ते पर सहमति नहीं बन पायी थी. इधर युवक के पिता रमाकांत साहनी ने हत्या की आशंका जतायी है. तीसरी घटना रांची जिले के मुरी ओपी थाना क्षेत्र की है, जहां मुरी-बरकाकाना रेलखंड में स्वर्णरेखा रेल पुल के पास बुधवार को रेल पटरी पर युवक-युवती के शव बरामद किये गये. दोनों की उम्र 18-20 वर्ष के आसपास है. दोनों के शव जिन स्थितियों में मिले, उससे यह आशंका जतायी जा रही है कि दोनों की हत्या अन्यत्र करने के बाद इसे खुदकुशी का रूप देने के लिए शवों को रेल पटरी पर रख दिया गया. अब तक शवों की शिनाख्त नहीं हो पायी है. माना जा रहा है कि युवक-युवती के बीच प्रेम संबंध ही वारदात की वजह हो सकती है. मुरी थाना प्रभारी का कहना है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का, यह जांच के बाद ही पता चल पायेगा.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
Exit mobile version