सरगांव -महिलाओं की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने अभिव्यक्ति ऐप तैयार किया है जिससे महिलाओं को तत्काल सहायता मिलेगी। ऐप एसओएस फीचर या पैनिक बटन से लैस है, बटन दबाते ही यूजर के पास तुरंत पुलिस सहायता पहुंचेगी। उक्त जानकारी पुलिस थाना सरगांव की टीम द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदकू में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम द्वारा प्रदान की गई। प्रधान आरक्षक बालीराम ध्रुव तथा आरक्षक संजय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि अभिव्यक्ति ऐप के जरिए पुलिस के पास महिलाएं कहीं से भी शिकायत दर्ज करा सकेंगी।

पुलिस विभाग की टीम अभिव्यक्ति ऐप इस्तेमाल करने के बारे में स्कूल जाकर छात्राओं को सतर्कता सम्बन्धी जानकारी दे रही है। ऐप को गूगल प्ले स्टोर या क्यू आर कोड से डाउनलोड किया जा सकता है। इस ऐप के माध्यम से आपातकाल परिस्थितियों मे अपने निकटतम सम्बन्धी एवं डायल 112 को सीधे सूचना भेजा जा सकता है। संस्था के प्रभारी प्राचार्य सुरेखा ध्रुव एवं व्याख्याता मोनिका श्रीवास्तव, अमृता चंद्रा द्वारा छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड करके बताया गया तथा उन्हें प्रेरित किया गया। सुरेखा ध्रुव ने पुलिस विभाग की अभिव्यक्ति ऐप को बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा हेतु महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा करते हुए आपातकालीन परिस्थिति में उपयोगिता की सराहना किए। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता विरेन्द्र कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर संस्था की सभी छात्राएं तथा शिक्षकगण उपस्थित थे।