रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के समीपस्थ एवं दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा के अमलेश्वर आज दिनदहाड़े सराफा व्यवसायी की हत्या से दहशत का माहौल देखा जा रहा है। आपको बता दें कि आज दोपहर बदमाश लुटेरों ने लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अमलेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिरंगा चौक की है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार 20 अक्टूबर 2022 की दोपहर करीब 1:00 बजे तिरंगा चौक स्थित समृद्धि ज्वेलर्स की दुकान में दो बदमाश अचानक घुस आए। उस समय दुकान में संचालक सुरेंद्र सोनी अकेले मौजूद थे। बदमाशों ने धारदार हथियार से दुकान के संचालक सुरेंद्र सोनी की हत्या कर दी। इसके बाद वहां रखे कीमती जेवरात और कैश लेकर भाग निकले। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर इलाके में भय और दहशत का माहौल है।
