नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और यूपी के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का 73 साल की उम्र में निधन हो गया. वे कोरोना वायरस से संक्रमित थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने यूपी में सार्वजनिक सेवा और बीजेपी को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया. पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, श्री चेतन चौहान जी ने खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक मेहनती राजनेता के रूप में प्रतिष्ठित किया. उन्होंने यूपी में सार्वजनिक सेवा और बीजेपी को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया. उनके निधन से दुखी हूं. उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना. ओम शांति. चेतन चौहान के छोटे भाई पुष्पेंद्र चौहान ने बताया कि चेतन चौहान के बेटे विनायक मेलबर्न में रहते हैं. उन्होंने कहा, मैं उन सभी का शुक्रिया करना चाहूंगा जिन्होंने उनके ठीक होने के लिये प्रार्थना की. उनका बेटा विनायक किसी भी समय पहुंच जायेगा और फिर हम उनका अंतिम संस्कार करेंगे. (एजेंसी)
