छत्तीसगढ़ के भिलाई में बीती रात कुछ नशेड़ी युवकों ने गुरुद्वारा बेबे नानकी जी प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार कुलवंत सिंह के बेटे मलकीत सिंह उर्फ वीरू की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि 35 वर्षीय मलकीत रात में गदर 2 मूवी देखकर लौट रहा था। इसी दौरान खुर्सीपार थाना अंतर्गत आईटीआई मैदान के पास कुछ लड़कों ने उसे रोका और उससे मारपीट की। बाद में रायपुर में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक मलकीत सिंह दुर्गा मंदिर के पास गौतम नगर खुर्सीपार का रहने वाला है। उसके पिता सरदार कुलवंत सिंह बिल्डिंग मटेरियल की दुकान भी चलाते हैं। शुक्रवार रात मलकीत बाइक से मूवी देखकर घर लौट रहा था। रात 9 बजे के करीब जैसे ही वो खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत आईटीआई मैदान के पास पहुंचा करीब 5-6 लड़कों ने उसे रोक लिया। रोकते ही वो लोग उससे गाली गलौज करने लगे। जब मलकीत ने विरोध किया तो उन्होंने उसके चाकू लगा दिया और उसे बुरी तरह मारा पीटा। वो लोग मलकीत को वहीं अधमरा छोड़कर भाग गए। सूचना पाकर घर वाले मौके पर पहुंचे और और उसे तुरंत खुर्सीपार के निजी अस्पताल में लेकर गए। वहां डॉक्टर ने हालत गंभीर होने से उसे रायपुर रेफर कर दिया। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे सिख समुदाय में रोष व्याप्त है। गुरुद्वारा कमेटी के सभी सदस्य और सिख समुदाय के लोग बड़ी संख्या में खुर्सीपार थाने पहुंचे हुए हैं। उन्होंने आरोपियों की धरपकड़ की मांग को लेकर थाने का घेराव शुरू कर दिया है। बढ़ते तनाव को देखते हुए एएसपी संजय ध्रुव और दूसरे थानों को बल भी वहां पहुंचा हुआ है। एएसपी आक्रोशित लोगों को समझाने में लगे हुए हैं। खुर्सीपार पुलिस ने पहले इसे साधारण मारपीट का मामला समझा था। जब युवक की मौत हो गई तो पुलिस अलर्ट हुई। तब तक आरोपियों को भी इसकी सूचना मिल गई थी और वो फरार हो गए। पुलिस आरोपियों को पकडऩे के लिए दबिश दे रही है। खबर लिखे जाने तक एक भी आरोपी पकड़ में नहीं आया है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
Exit mobile version