मानसून की विदाई से पूर्व राजधानी सहित कई क्षेत्रों में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में इसका सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा। यानी कि सरगुजा संभाग सहित बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की क्रमिक गिरावट होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि शेष भाग के अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। वहीं, राजधानी में सोमवार को मौसम सामान्यत: मेघमय रहने के आसार हैं और देर शाम बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, जबकि एक दो स्थानों पर भारी से सीमांत भारी बारिश होने की संभावना है। इसी बीच रविवार को राजधानी में उमस ने लोगों को परेशान किया।
वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस धमतरी में, जबकि न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हुई। मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार प्रदेश में एक सेमी से लेकर पांच सेमी तक वर्षा कई क्षेत्रों में दर्ज की गई।
इन क्षेत्रों में हुई बारिश
प्रदेश में सर्वाधिक पांच सेमी वर्षा चांपा में हुई। वहीं, पुसौर, जांजगीर, कुसमी, बलौदा, कवर्धा में दो सेमी, बसना, मरवाही, मालखरौदा, पंडरिया, पत्थलगांव में एक सेमी, जबकि अन्य कुछ क्षेत्रों में इससे भी कम वर्षा दर्ज की गई।
यह बन रहा सिस्टम
गांगेय पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे झारखंड के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है और चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। वहीं, एक द्रोणिका निम्न दबाव क्षेत्र से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तारित है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
Exit mobile version