हमास के कब्जे वाले गाजा सिटी के एक हॉस्पिटल पर रॉकेट गिरने से कम से कम 500 लोगों के हताहत होने का दावा किया जा रहा है। इस हमले में कई की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं। हमास ने दावा किया किया कि इजरायल ने एयर स्ट्राइक में हॉस्पिटल को निशाना बनाया है। इजरायली सेना का कहना है कि उसने किसी हॉस्पिटल को निशाना बनाकर बमबारी नहीं की है। बता दें कि यह हमला मध्य गाज़ा के अल अहली हॉस्पिटल पर हुआ है।
एयरस्ट्राइक में 500 लोगों की मौत-हमास
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक हमास द्वारा संचालित क्षेत्र के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि इजरायली हवाई हमले में गाजा सिटी अस्पताल में सैकड़ों लोग मारे गए। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि कम से कम 500 लोग मारे गए और घायल हुए।
इस्लामिक जिहाद के रॉकेट हॉस्पिटल पर गिरे-इजरायली सेना
इजरायल ने इस हमले के लिए इस्लामिक जिहाद को जिम्मेदार ठहराया है। इजरायली डिफेंस फोर्स के प्रवक्ता डेनियल हागारी ने बताया कि जिस वक्त घटना घटी उसी वक्त गाजा की ओर से फायर किए गए रॉकेट ही अल-अहली हॉस्पिटल के पास से गुजर रहे थे। इजरायल की ओर से हॉस्पिटल पर कोई अटैक नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि खुफिया स्रोतों से पता चला है कि इस्लामिक जिहाद की ओर से यह रॉकेट दागे गए जो कि अस्पताल पर जा गिरे और इसमें निर्दोष लोगों की मौत हो गई।

