रायपुर। प्रदेश में वन विभाग द्वारा नदी तट वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत 14 विभिन्न नदियों के तट पर 10 लाख 39 हजार पौधों का रोपण कार्य पूर्णता पर है। इसके तहत चालू वर्ष के दौरान कैम्पा मद के अन्तर्गत नदी तट के 946 हेक्टेयर रकबा में पौधों का रोपण शामिल है। वन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में राज्य में नदी तट रोपण कार्यक्रम का क्रियान्वयन सफलतापूर्वक किया गया।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि इसके तहत महानदी, कोटरी नदी, मेढ़की नदी, भापरा नदी, अरपा नदी, मनियारी नदी, आगर नदी, सकरी नदी, इंद्रावती नदी, नारंगी नदी, पैरी नदी, खारून नदी, रेहर नदी और अटेम नदी के तटों पर वृक्षारोपण का कार्य शामिल है। नदी तट वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत रोपित किए जाने वाले पौधों में पीपल, आम, आंवला, अर्जुन, बांस, शिशु, कहुआ, जामुन, नीम, करंज, महुआ, सीरस, अकेशिया तथा अन्य मिश्रित प्रजाति के पौधों को शामिल किया गया है।
