सूरजपुर। जिले के ओडग़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बेदमी में शुक्रवार की शाम घर के बाहर खेल रहे बालक पर तेंदुआ ने हमला कर दिया। बालक की चीख सुनकर मां बाहर निकली। उसने हिम्मत से काम लिया। डंडे से तेंदुआ पर प्रहार करना शुरू किया जिससे तेंदुआ तेजी से वहां से भाग निकला। बीच बस्ती में तेंदुआ के आ जाने से भय का माहौल है। गांव वालों ने बताया कि गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में तेंदुआ सहित अन्य वन्य प्राणियों की उपस्थिति है। पिछले कुछ दिनों से एक तेंदुआ आबादी क्षेत्र के आसपास पहुंच रहा है। शुक्रवार की शाम ग्राम वेदमी निवासी सुरेंद्र गुर्जर का पुत्र सौरभ गुर्जर (12) घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान तेंदुआ ने अचानक उस पर आक्रमण कर दिया। बालक ने चीखना शुरू किया। आसपास के लोग जमा हो पाते, उसके पहले ही बालक की मां ने हौसला दिखाते हुए सूझबूझ से तेंदुआ पर डंडे से प्रहार किया। तब तक ग्रामीणों ने भी शोर ल मचाना शुरू कर दिया था। इस कारण तेंदुआ वहां से तेजी से भाग निकला।

