रायपुर। रायपुर के खमतराई क्षेत्र के वीर शिवाजी वार्ड-16 में एक ही दिन में आठ लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। मृतकों में कोरोना जैसे लक्षण रहने की बात से दहशत का माहौल है। वार्ड पार्षद गोमती साहू, पार्षद प्रतिनिधि गज्जू साहू ने बताया कि शनिवार को वार्ड में आठ लोगों की मौत हो गई। किसी न किसी बीमारी से जूझ रहे सभी लोगों में सर्दी, खांसी, बुखार जैसे लक्षण थे। एक ही दिन में क्षेत्र के इतने सारे लोगों की मौत से कोरोना का संदेह नजर आ रहा है। साहू ने बताया कि यहां अब तक 50 से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं। तीन दिन पहले क्षेत्र में व्यवसाय करने वाले तेलीबांधा निवासी 42 वर्षीय पुरुष की कोरोना संक्रमित होने के बाद मौत हुई।
जनप्रतिनिधि गज्जू ने बताया कि सभी का अंतिम संस्कार खमतराई के स्थानीय मुक्तिधाम में किया गया। प्रत्येक की शव यात्रा में 20 से 50 लोग शामिल हुए थे। ऐसे में कोरोना का खतरा अब क्षेत्र बढ़ने की आशंका नजर आ रही है। इधर सीएमएचओ डॉ. मीरा बघेल ने इस बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं होने की बात कही। जोन प्रभारी ईई सुभाष चंद्राकर ने बताया कि मौत की जानकारी मिली है। सभी किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त थे। टीम भेजकर जांच कराएंगे।
इनकी हुई मौत
वार्ड-16 के संन्यासी पारा निवासी केटी राव (52), ओम नगर के घनश्याम परमार (42), सतनामी पारा निवासी विशंभर बंजारे (70), रामबती लहरे (65), ब्रह्मदाई पारा निवासी प्रेमलाल सिन्हा (40), कमला बाई पवार (60), श्रीनगर निवासी गोविंद राव (65) समेत एक अन्य की मौत होने बात पार्षद समेत रहवासियों ने कही है।
जांच करा रहे हैं
क्षेत्र में सर्वे, टेस्ट कराया जा रहा है, स्वास्थ्य टीम को भेजा जा रहा है। लोगों को कोरोना के लक्षण दिखने पर जांच कराना चाहिए। – डॉ .एस भारतीदासन, कलेक्टर, रायपुर
