रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में भक्तों का सैलाब आ गया है. भगवान राम के दर्शन के लिए हजारों की तादाद में लगातार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. उद्घाटन के बाद पहले ही दिन राम मंदिर भक्तों से खचाखच भर गया है. भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि मंदिर प्रबंधन को उन्हें संभालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
भीड़ का आलम यह है कि मंदिर प्रबंधन ने सभी गाडिय़ों को पंच कोसी परिक्रमा पथ के पास रोकना शुरू कर दिया है. हालत ऐसे हो गए हैं कि दो बजे तक दर्शनार्थियों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. फिलहाल मंदिर परिसर में मौजूद दर्शनार्थियों को दर्शन कराए जा रहे हैं. दर्शनार्थियों की नई बैच की एंट्री अब दो बजे के बाद ही होगी. इस बीच मंदिर प्रबंधन ने एडवायजरी भी जारी की है. एडवायजरी में कहा गया है कि राम पथ पर भीड़भाड़ लगाने से बचें. यदि संभव हो तो सड़कों पर भीड़ ना लगाएं, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता के साथ प्रभु श्रीराम के दर्शन करने में सहूलियत हो.
