तृणमूल कांग्रेस के सांसद महुआ मोइत्रा ने बॉलीवुड अभिनेताओं को वाई प्लस सुरक्षा देने पर आश्चर्य जताते हुये सरकार के निर्णय पर सवाल उठाया है। मंगलवार को महुआ ने महाराष्ट्र सरकार से लगातार टक्कर ले रहीं अभिनेत्री कंगना रनौत को गृह मंत्रालय की ओर से वाई श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने को लेकर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि भारत की जनसंख्या बहुत अधिक है और अनुपातिक तौर पर पुलिसकर्मियों की संख्या बहुत कम है। ऐसे में बॉलीवुड अभिनेता व अभिनेत्रियों को सुरक्षा देना कितना जायज है? मोइत्रा की टिप्पणियां बॉलीवुड अभिनेता कंगना रनौत की पृष्ठभूमि में आईं, जिन्होंने फिल्म उद्योग के एक वर्ग के बीच मादक पदार्थों ेके उपयोग करने के बारे में खुलासा किया था।
मोइत्रा ने कहा है, आश्चर्य है कि संसाधनों का बेहतर उपयोग क्यों नहीं हो सकता? मोइत्रा ने कहा कि देश में प्रति लाख आबादी के लिए केवल 138 पुलिसकर्मी हैं और बॉलीवुड अभिनेत्री को उच्च-स्तरीय सुरक्षा देने के पीछे तर्क पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि भारत जनसंख्या अनुपात के हिसाब से पुलिस के मामले में दुनिया के 71 देशों में निचले पायदान पर है। महुआ मोइत्रा ने ट्वीट किया, संसाधनों का बेहतर उपयोग नहीं, मिस्टर होम मिनिस्टर?, उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को घोषणा की थी कि फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस श्रेणी के तहत रनौत की सुरक्षा में 10 सशस्त्र कमांडो तैनात होंगे।
