रायपुर। कोविड महामारी की वजह से संक्रमित गंभीर मरीजों को आक्सीजन गैस लगाकर जान बचाई जाती है। छिंदवाड़ा में नागपुर से लिक्विड ऑक्सीजन गैस का प्रदाय होता रहा है। गैस की कमी के कारण सप्लाई बाधित हो जाने से जिले में ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई की समस्या उत्पन्न होने से पहले ही कलेक्टर छिन्दवाडा ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि भिलाई गैस प्लान्ट से गैस की सप्लाई कराने का कष्ट करें। जानकारी मिलने पर अनुसूईया उइके राज्यपाल छत्तीसगढ ने परसों रात्रि में ही कलेक्टर दुर्ग एवं छग शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर लिक्विड आक्सीजन गैस प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जिला कलेक्टर दुर्ग एवं छिन्दवाडा द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए भिलाई छत्तीसगढ़ से छिन्दवाडा जिले में लिक्विड ऑक्सीजन की आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई। साथ भविष्य में भी किसी भी प्रकार की गंभीर समस्या के उत्पन्न होने से पहले ही निराकरण कर लिया गया है। जिले की जनता को मुसीबत से उबारने के लिये छिंदवाड़ा के सामाजिक संगठनों रोटरेक्ट क्लब,ओम साई मल्टीपर्पस वेलफेयर सोसाइटी,कोरोना हेल्प लाईन,के के एफ संस्था ने राज्यपाल तथा जिला कलेक्टर छिन्दवाडा सौरभ कुमार सुमन तथा जिला कलेक्टर दुर्ग सर्वेश्वर का आभार माना है। साथ ही कलेक्टर छिन्दवाड़ा ने राज्यपाल महोदया का भी फोन पर आभार व्यक्त किया।
