छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री निवास से फोन कर धमतरी महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन रद्द कराया गया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान दीपक बैज ने कहा, “30 जनवरी को जिस विचारधारा ने महात्मा गांधी की हत्या की थी, वही विचारधारा एक बार फिर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि धमतरी के कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर कांग्रेस प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन रद्द कर दिया। विजय गोलछा नगर निगम धमतरी के पंजीकृत ठेकेदार नहीं हैं, बल्कि PWD के पंजीकृत ठेकेदार हैं और उन्होंने एक साल पहले ही अपना कार्य पूरा कर लिया था, जिसकी एनओसी भी निगम से मिल चुकी थी। इसके बावजूद, मुख्यमंत्री निवास से धमतरी कलेक्टर को फोन कर नामांकन खारिज करने का निर्देश दिया गया।

कांग्रेस ने कलेक्टर पर लगाया भाजपा एजेंट होने का आरोप
कांग्रेस ने इस फैसले को अवैधानिक बताते हुए मांग की कि 29 जनवरी की रात धमतरी कलेक्टर के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल सार्वजनिक किया जाए, जिससे यह साफ हो जाएगा कि मुख्यमंत्री निवास से फोन किया गया था या नहीं। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से धमतरी कलेक्टर को तत्काल हटाने की मांग की है।

कई अन्य जिलों में भी कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन रद्द
दीपक बैज ने कहा कि केवल धमतरी ही नहीं, बल्कि दंतेवाड़ा, कोरबा, बिलासपुर और दुर्ग में भी कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन सरकार के दबाव में निरस्त किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा स्थानीय निकाय चुनाव नहीं कराना चाहती थी। पहले अध्यादेश लाकर चुनाव टालने की कोशिश की गई, फिर छह महीने तक चुनाव टालने के लिए विधेयक लाया गया, और अब चुनाव घोषित होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोका जा रहा है।

भाजपा की महापौर प्रत्याशी पर भी उठाए सवाल
बिलासपुर में भाजपा की महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी को लेकर भी कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए। बैज ने कहा कि पूजा विधानी का असली नाम एल. पद्मजा है और वह तेलुगु समाज से हैं, लेकिन उन्होंने खुद को उड़िया समाज का बताकर ओबीसी वर्ग का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन भाजपा नेताओं के दबाव में बिलासपुर कलेक्टर ने इसे खारिज कर दिया।

जनता भाजपा को जवाब देगी
दीपक बैज ने कहा, “सरकार कितना भी षड्यंत्र कर ले, कांग्रेस पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। हमें जनता पर भरोसा है, और भाजपा के अलोकतांत्रिक फैसलों का जवाब जनता मतदान में देगी।”

इस पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा, संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री दीपक मिश्रा, सकलेन कामदार, धमतरी जिला अध्यक्ष शरद लोहाना, महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा और सत्य प्रकाश सिंह मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version