केरल के कोझिकोड में एक दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां गुरुवार को एक मंदिर उत्सव के दौरान दो हाथियों के भड़क जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना कोयिलैंडी के कुरुवंगड में मनकुलंगरा मंदिर में उत्सव के दौरान घटी। मृतकों की पहचान लीला, अम्मकुट्टी अम्मा और राजन के रूप में हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाथियों के भड़क जाने के बाद वहां भगदड़ मच गई जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। भगदड़ में लगभग तीस अन्य लोग घायल गए, जिसमें से 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

