उत्तर प्रदेश में जहां हाथरस समेत कई जिलों में बलात्कार की घटनाओं को लेकर पूरे देश में गुस्सा देखने को मिल रहा है, वहीं हरियाणा का गुरुग्राम भी ऐसी घटनाओं में पीछे नहीं है. पिछले 48 घंटों के दौरान गुरुग्राम में तीन बलात्कार की घटनाओं ने पुलिस-प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं. सबसे शर्मनाक बात तो ये है कि रेप और यौन शोषण की एक घटना का आरोपी खुद एक पुलिसवाला ही है. जिससे गुरुग्राम पुलिस की किरकिरी भी हो रही है. गुरुग्राम के सेक्टर 40 थाना इलाके में रविवार को एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया गया. जानकारी के मुताबिक पीड़ित लड़की शौच के लिए गई थी. तभी 25 वर्षीय बबलू नामक एक युवक उसके पास पहुंचा और विरोध के बावजूद उसने लड़की को अपनी हवस का शिकार बना डाला. पीडि़त लड़की के परिवार ने थाने जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और दबिश देकर आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया. पीडि़ता के पिता की मानें तो आरोपी युवक उनके घर के सामने ही रहता था. वह उनकी नाबालिग बेटी पर बुरी नजर रखता था. एसीपी क्राइम ने बताया कि रेप के आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया गया है. लड़की का मेडिकल कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है, जबकि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया.
दूसरी वारदात
साइबर सिटी गुरुग्राम के डीएलएफ फेज 2 में सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है. जहां चार युवकों ने 25 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया. इस घटना के दौरान जब पीडि़ता ने आरोपियों का विरोध किया तो उन चारों ने पीडि़त युवती के साथ हैवानियत दिखाई. उसके साथ बर्बरता की गई. मामले की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. लड़की का मेडिकल कराया गया है. आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस आरोपियों को तलाश करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
तीसरी वारदात
ये मामला उस महकमें से जुड़ा है, जिस पर हर नागरिक की सुरक्षा का जिम्मा है यानी पुलिस विभाग से. गुरुग्राम के सदर थाने में एक पुलिसकर्मी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है. इस केस में दिल्ली से जीरो एफआईआर दर्ज कर गुरुग्राम पुलिस को कार्रवाई के लिए भेजी गई है. दरअसल, पीडि़त महिला ने गुरुग्राम में तैनात एक पुलिस हेड कॉन्स्टेबल पर उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया है. पीडि़त महिला ने एफआईआर में आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर उसे इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है. इस मामले से पुलिस विभाग भी सकते में है.
Previous Articleहाथरस केस पर भाजपा नेता के विवादित बोल, कहा-लड़की…
Next Article सपना चौधरी माँ बनी, बेटे को दिया जन्म
