हाल ही में दिल्ली के एक गरीब दंपत्ति द्वारा चलाए जाने वाला ढाबा देखते ही देखते सोशल मीडिया पर मशहूर हो गया. उनका वीडियो वायरल होते ही लोगों ने बाबा का ढाबा नाम से मशहूर उस दंपत्ति की भरपूर सहायता की. अब एक और बुजुर्ग का ऐसा ही वीडियो सामने आया है जो चर्चा में है. एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने उस बुजुर्ग का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है. स्वरा ने वीडियो साझा करते हुए इस बुजुर्ग व्यक्ति की दुकान का पता दिया है. वीडियो में बुजुर्ग एक रेहड़ी पर खाने का सामान बेचते नजर आ रहे हैं. उनकी रेहड़ी के आगे कांजी बड़े वाला लिखा हुआ है. वीडियो में एक महिला उनसे पूछती है कि वो क्या-क्या बनाते हैं. इस पर बुजुर्ग ने बताया कि कांजी बड़े, दही बड़े और मोठ तीन आइटम बनाते हैं. दिन भर की कमाई के बारे में पूछने पर बुजुर्ग ने हंसते हुए अपनी कमाई की बात टाल दी. उनकी बेबसी और दर्द का पता उनकी टूटी हुई हंसी दे रही थी. स्वरा ने बुजुर्ग का वीडियो साझा करते हुए लोगों से उन्हें भी सपोर्ट करने की अपील की है. उन्होंने आगरा वासियों से अपनी दरियादिली का परिचय देने का आग्रह किया है. इससे पहले उन्होंने बाबा का ढाबा का भी सपोर्ट किया था.
