मिर्ज़ापुर. जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के चितांग चौराहे के पास शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस जांच में जुट गई है.
बता दें कि मड़वा नेवादा गांव के अमरेश (30) और मालिक (32) मिर्जापुर से ढलाई का काम करके शुक्रवार की सुबह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वे चितांग चौराहे के पास पहुंचे सामने से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि अमरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया.
वहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मालिक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. वहीं अमरेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है.

