रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम परिवर्तन से गर्मी से राहत बनी हुई है। अगले 3 दिनों तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और विभिन्न द्रोणिकाओं का असर देखने को मिलेगा। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश, तेज हवा और बादल गरजने के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके बाद अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। आज भी कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ दक्षिण पंजाब और उत्तर राजस्थान के साथ पश्चिम हरियाणा के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में फैसला हुआ है। एक उत्तर-दक्षिण दिशा में फैली द्रोणिका पंजाब से शुरू होकर हरियाणा, राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और अंदरूनी कर्नाटक होते हुए उत्तर केरल तक लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसी प्रकार, एक पूर्व-पश्चिम दिशा की द्रोणिका उत्तर-पूर्व राजस्थान से शुरू होकर उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक फैली हुई है, जो लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।

