दुर्गा पूजा देखकर घर वापस लौट रही एक नाबालिग बालिका गैंगरेप का शिकार हो गई। मामला छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले का है। मामले में कोरिया पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात्रि लगभग 8 बजे पीडि़ता अपने परिवार वालों के साथ दुर्गा पूजा देखने शिवधारा बिहारपुर मंदिर गई थी, जहां से वह रात लगभग 11 बजे मंदिर के पास ही अपने ममेरे भाई से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान 4 युवक राकेश सिंह, रंजीत सिंह, लक्ष्मण सिंह एवं छोटू उर्फ बिहारी पहुंचे और पीडि़ता को जबरन उठाकर जंगल की ओर ले गए, जहां पीडि़ता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई, इसके बाद आरोपियों को पकड़े पुलिस द्वारा तीन टीम बनाकर पतासाजी के लिए रवाना किया। मामले में आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 362/2020 धारा 376, (घ) (क) (2)(ढ) भादवि एवं पास्को एक्ट की धारा 4,6 पंजीबद्ध किया गया है। 5 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार गठित टीम ने सभी आरोपियों को शिकायत के 5 घंटे के भीतर अलग-अलग क्षेत्रों से धर दबोचा है। इसमें बिजुरी मध्यप्रदेश, केल्हारी थाना, बिहारपुर से आरोपियों को टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की गई। पकड़े गए सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
