रायपुर । रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरोदा में हुए जघन्य दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में झोलाछाप डॉक्टर राकेश कुमार बारले को गिरफ्तार किया गया है, जिसने अपने निजी स्वार्थ और प्रतिशोध की भावना से बुजुर्ग दंपत्ति भूखन और रूखमणी ध्रुव की निर्मम हत्या कर दी थी।

मौत की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को लगे 5 दिन
हत्या की घटना 16 जुलाई 2025 को सामने आई थी, जब ग्रामवासी ईश्वर साहू ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के गोडपारा इलाके में बुजुर्ग दंपत्ति अपने घर में लहूलुहान हालत में मृत पाए गए। दोनों के गले और छाती पर धारदार हथियार से किए गए घातक वार थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103 बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

200 से ज्यादा लोगों से पूछताछ, 5 टीमों ने किया कैंप

पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में 5 विशेष जांच टीमों का गठन किया गया जो गांव में लगातार 5 दिन तक कैंप करते हुए 200 से अधिक लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा का विश्लेषण किया गया।

डॉक्टर के वेश में कातिल: ताने और ज़मीन विवाद बना कारण
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक स्थानीय डॉक्टर को घटना के दिन शाम 6 बजे मृतकों के घर से बाहर निकलते देखा गया था। संदेह के घेरे में आए राकेश कुमार बारले (30), निवासी कोड़ापारा, को पकड़ा गया।

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया और बताया कि मृतिका रूखमणी ध्रुव ने इलाज के दौरान झोलाछाप होने के ताने मारे। मृतक भूखन ध्रुव ने ज़मीन सौदे की राशि लौटाने से इनकार किया था। इसलिए आक्रोश में आकर आरोपी ने पहले भूखन और फिर रूखमणी की चाकू से गला और छाती पर वार कर हत्या कर दी।

सबूत मिटाने की कोशिश भी बेकार
हत्या के बाद आरोपी धमतरी स्थित घर गया, कपड़े बदले और हत्या में प्रयुक्त चाकू और कपड़े अभनपुर के नाले में फेंक दिए। लेकिन फिर से बिरोदा लौट आया और अपनी दवाई दुकान पर इलाज करता रहा, ताकि शक न हो।

आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, दोपहिया वाहन व अन्य सामग्री जब्त कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 265/25 के तहत धारा 103 बीएनएस, 25/27 आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है।

कई अफसरों और जवानों की रही अहम भूमिका
जांच और गिरफ्तारी में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट और थाना अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तेजी और सूझबूझ से काम किया। प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह श्याम, साइबर यूनिट प्रभारी परेश कुमार पांडेय, संजय सिंह, आशीष त्रिवेदी, बसंती मौर्य सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि वह इस मामले में और भी साक्ष्य जुटा रही है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version