मालेगांव ब्लास्ट केस में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को कोर्ट ने सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है। 17 साल बाद बाइज्जत बरी होने की खुशी साध्वी प्रज्ञा के चेहरे पर साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि मुझे वर्षों तक अपमानित किया गया, जेल में प्रताड़ना दी गई। आज मैं बेकसूर साबित हुई हूं।
उन्होंने यह भी कहा कि भगवा आतंकवाद का झूठ फैलाने वाले आज बेनकाब हो गए हैं और आज भगवा की जीत हुई है। कोर्ट से बरी किए जाने के बाद सवाल उठ रहा है कि साध्वी प्रज्ञा का अगला कदम क्या होगा? वह फिर से सक्रिय चुनावी राजनीति में वापसी करेंगी या फिर संगठन में उन्हें कोई बड़ा पद दिया जाएगा।
पूर्व BJP सांसद को फिर मिलेगा मौका?
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सिंह ने अब तक अपने भविष्य की योजना के बारे में कुछ नहीं कहा है। उन्होंने यह जरूर कहा कि वह सनातन के प्रचार में लगी रहेंगी। बीजेपी ने साल 2019 में उन्हें भोपाल से टिकट दिया था और वह जीतकर संसद भी पहुंची थीं। हालांकि, 2024 लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि कोर्ट के फैसले को आधार बनाकर बीजेपी उनका इस्तेमाल चुनाव प्रचार में कर सकती है।

