वॉकाथॉन, प्रदर्शनी और लघु नाटिका के माध्यम से अंगदान के प्रति बढ़ाया गया जनजागरूकता का संदेश

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र (जेएलएनएच एंड आरसी) में राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर अंगदान महोत्सव-2025 के अंतर्गत जनजागरूकता बढ़ाने और अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन विश्व अंगदान दिवस के अंतर्गत चलाए जा रहे वैश्विक जन-जागरूकता अभियान का अभिन्न हिस्सा रहा।
वॉकाथॉन से हुई जागरूकता की शुरुआत
इस वॉकाथॉन का शुभारंभ भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने ओपीडी ब्लॉक से हरी झंडी दिखाकर किया। चिकित्सकों और कर्मचारियों की यह रैली बैनर, पोस्टर और स्लोगन बोर्ड के साथ निकाली गई, जिसकी अगुवाई में ‘अंगदान संदेश वाहन’ भी चलाया गया। इस वाहन के माध्यम से अंगदान विषयक गीतों का प्रसारण कर लोगों को प्रेरित किया गया।


पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रेरणादायक उद्बोधन
वॉकाथॉन के उपरांत डॉ. रवींद्रनाथ एम. द्वारा अंगदान पर आधारित चयनित पोस्टरों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। अपने संबोधन में निदेशक प्रभारी श्री महापात्र ने जेएलएन चिकित्सालय में स्थापित छत्तीसगढ़ के पहले स्किन बैंक की सराहना की और कहा, “अंगदान सबसे बड़ा दान है। हजारों लोग जीवनरक्षक अंगों की प्रतीक्षा कर रहे हैं, परंतु उपलब्धता सीमित है। यह अभियान लोगों को इस दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित करेगा।”
डॉ. रवींद्रनाथ एम. ने लोगों से अंगदाता के रूप में पंजीकरण कराने और इस निर्णय की जानकारी अपने परिवारजनों को देने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह दिन उन अंगदाताओं और उनके परिवारों के नि:स्वार्थ योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। मरणोपरांत अंगदान किसी अन्य को जीवनदान दे सकता है — यह सबसे बड़ा पुण्य है।”


लघु नाटिका और रैम्प वॉक से मिला संदेश
कार्यक्रम में बर्न यूनिट के सदस्यों, स्किन बैंक के लाभार्थियों और अंगदाताओं द्वारा अंगदान विषयक लघु नाटिका का मंचन किया गया, जिसमें भावनात्मक रूप से अंगदान के महत्व को दर्शाया गया। इसके पश्चात आयोजित ‘अवेयरनेस रैम्प वॉक’ में अंगदाता और अंग प्राप्तकर्ताओं ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए और उपस्थित लोगों से अंगदान हेतु आगे आने की अपील की।
सीएमई के माध्यम से चिकित्सा पेशेवरों को जोड़ेगा अभियान
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार ने किया, जबकि अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं बर्न यूनिट विभागाध्यक्ष डॉ. अनिरुद्ध मेने ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। बर्न यूनिट की टीम ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभियान के अंतर्गत आगामी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय अंगदान दिवस 2025 की थीम “Answering the Call” पर आधारित एक सतत् चिकित्सा शिक्षा (CME) सत्र का आयोजन भी प्रस्तावित है, जो चिकित्सा पेशेवरों की भागीदारी को सशक्त करने पर केंद्रित रहेगा।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version