आज पूरे देशभर में दीवाली हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. इस बार की दीवाली में कोरोना काल को देखते हुए कई शहरों में पटाखे जलाने पर बैन लगा दिया गया है. एक तरफ देश कोरोना वायरस की मार झेल रहा है, दूसरी तरफ वायु प्रदूषण की वजह से कई शहरों में लोगों का सास लेना मुश्किल हो गया है. इस वजह से दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. प्रदूषण की वजह से कोरोना वायरस के मामले भी बढ़ रहे हैं. नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने दिल्ली एनसीआर में 30 नवंबर तक सभी पटाखों की बिक्री और पटाखे फोडऩे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है. एनजीटी के आदेशानुसार, दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, भिवानी, मेरठ, हापुड़, करनाल, सोनीपत, चरखी दादरी, जिंद, बागपत, पानीपत, रोहतक और बुलंदशहर में 30 नवंबर तक पटाखे बैन हैं. उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार ने लखनऊ, वाराणसी समेत 13 जिलों में आतिशबाजी पर रोक लगाई है.
