बीजापुर  । जिले में बढ़ती यातायात समस्या और जिला अस्पताल की चरमराई स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर व्यापारिक समुदाय गंभीर रूप से चिंतित है। इसी क्रम में बीजापुर व्यापारी संघ द्वारा कलेक्टर को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए, जिनमें त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है। दोनों ही ज्ञापनों पर कलेक्टर कार्यालय द्वारा प्राप्ति अंकित कर संबंधित शाखा को अग्रेषित कर दिया गया है।

पहले ज्ञापन में व्यापारियों ने बीजापुर–भोपालपट्टनम मार्ग पर बढ़ते भारी वाहनों के दबाव से बिगड़ती यातायात प्रणाली का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में बताया गया कि मुख्य सड़क पर लगातार जाम की समस्या बनी रहती है, जिसके कारण आम लोगों और व्यापारियों दोनों को खासी परेशानी उठानी पड़ती है।

व्यापारी संघ ने कहा कि नए बाईपास सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग आठ वर्ष पहले ही पूरी हो चुकी है, बावजूद इसके आज तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ। इस देरी को प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए व्यापारियों ने कलेक्टर से मांग की कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर तुरंत कार्य प्रारंभ कराया जाए, जिससे बीजापुर से भोपालपट्टनम तक सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

दूसरे ज्ञापन में जिला अस्पताल बीजापुर की जर्जर हो चुकी स्वास्थ्य सेवाओं पर कड़ी चिंता व्यक्त की गई। व्यापारियों ने बताया कि अस्पताल में ब्लड जांच, एक्स-रे, पैथोलॉजी सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएँ बंद पड़ी हैं, जिससे मरीजों को भारी आर्थिक और मानसिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख है कि तकनीशियन व ऑपरेटर की कमी, मशीनों के रखरखाव में लापरवाही और दवाइयों की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को निजी लैब और क्लीनिकों पर निर्भर होना पड़ रहा है। व्यापारी संघ ने इसे “जनहित से जुड़ी गंभीर समस्या” बताते हुए कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर सेवाओं को बहाल नहीं किया गया, तो वे मजबूरन आंदोलन करने पर विवश होंगे।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  
Exit mobile version