अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप को देखते हुए जांघ की चोट से उबर रहे आलराउंडर हार्दिक पांड्या के 30 नवंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में खेलने की संभावना नहीं है। उम्मीद है कि वह फिलहाल टी-20 प्रारूप पर भी ध्यान केंद्रित करेंगे। मुख्य तेज गेंदबाजों के काम के बोझ के प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी तीन मैच की सीरिज से विश्राम दिए जाने की संभावना है क्योंकि इसका टी 20 विश्व कप की तैयारी में कोई खास महत्व नहीं है। हार्दिक को सितंबर में दुबई में एशिया कप टी-20 के दौरान जांघ में चोट लगी थी और वह पाकिस्तान के विरूद्ध फाइनल में भी नहीं खेल पाए थे। बीसीसीआइ सूत्रों के अनुसार, हार्दिक इस अपनी जांघ की चोट से उबर रहे हैं। वह सेंटर आफ एक्सीलेंस में अपनी रिटर्न टू प्ले (खेल में वापसी) ट्रेनिंग कर रहे हैं। फिलहाल जांघ की चोट से वापसी के बाद उन्हें धीरे-धीरे अपना कार्यभार बढ़ाने की जरूरत है और सीधे 50 ओवर के मैच खेलना जोखिम भरा होगा। टी-20 विश्व कप तक बीसीसीआइ की मेडिकल टीम और हार्दिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। माना जा रहा है कि हार्दिक पहले सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में बड़ौदा के लिए अपनी मैच फिटनेस साबित करेंगे और उसके बाद मुंबई इंडियंस का यह कप्तान दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के विरूद्ध टी-20 सीरीज में खेलेगा। न्यूजीलैंड के विरूद्ध भी तीन वनडे मैच होने हैं लेकिन टी-20 विश्व कप तक 50 ओवर के क्रिकेट का महत्व सीमित है। अगले वर्ष आइपीएल के बाद सीनियर खिलाड़ियों का ध्यान 2027 के वनडे विश्व कप चक्र पर केंद्रित होगा।
chhattisgarhrajya.com
ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
Important Page
© 2025 Chhattisgarhrajya.com. All Rights Reserved.

