मेेडिकल कालेज मान्यता रिश्वत कांड की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरूवार को छत्तीसगढ़ सहित 10 राज्यों के 15 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) की 30 जून को दर्ज की गई एफआइआर के आधार पर की गई है। दिल्ली से गुरूवार की सुबह पहुंची ईडी की टीम ने रायपुर व दुर्ग स्थित चार निजी मेडिकल कालेज में दबिश दी। इनमें नवा रायपुर स्थित रावतपुरा मेडिकल कालेज, रिम्स, बालाजी और शंकराचार्य मेडिकल कालेज भिलाई शामिल हैं। यहां से मान्यता से जुड़े दस्तावेजों आदि को जब्त किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि इन मेडिकल कॉलेजों के सात परिसर और कुछ व्यक्तियों के यहां धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापे की कार्रवाई की गई। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मप्र, गुजरात, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रेदश और दिल्ली में भी छापे मारे गए। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के कुछ अधिकारी और अन्य सरकारी कर्मचारियों पर आरोप है कि वे रिश्वत लेकर मेडिकल कालेजों के निरीक्षण से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक कर देते थे। इस सूचना के आधार पर कालेज संचालक निरीक्षण मानकों में हेरफेर करके मान्यता हासिल कर लेते थे।
पांच महीने पहले सीबीआई ने की थी देशभर में कार्रवाई:- सीबीआई ने पांच महीने पहले कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ यूपी, दिल्ली और मध्य प्रदेश में 40 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान डिजिटल सबूतों समेत कई अहम दस्तावेज मिले थे।
Previous Articleआज का राशिफल : मेष, वृषभ और कन्या राशि में अकस्मात लाभ के योग
Next Article दूसरी शादी करने पर असम में दस साल तक की जेल

