प्रदेश के शहरों में आइकॉनिक विकास कार्यो के लिए राज्य शासन ने इस साल मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना शुरू की है। पहले चरण में इस राज्य के सभी 14 नगर निगमों में लागू किया गया है। इसके तहत शहरों में मजबूत अधोसंरचना के विकास के बड़े काम मंजूर किए जा रहे है। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरूण साव के अनुमोदन के बाद योजना के अंतगर्त अब तक 14 नगर निगमों में 26 कार्यो के लिए 429 करोड़ 45 लाख रूपए स्वीकृत किए गए है। इनमें मरीन ड्राइव विस्तार, ऑक्सीजोन-कम-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अतंराज्यीय बस टर्मिनल, रोड जंक्शन, हाईटेक बस स्टैंड, ऑडिटोरियम, तालाब सौंदर्यीकरण, उद्यान विकास, जलपूर्ति सुदृढ़ीकरण, कॉरिडोर निर्माण, गौरव पथ निर्माण, सड़क बाइपास एवं चौड़ीकरण जैसे वृहद कार्य शामिल है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के लिए 500 करोड़ का बजट रखा गया हैं।

