दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज के बाद अब मुकाबला क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप टी-20 में है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच टी-20 मैचों की सीरीज 9 दिसंबर से खेली जाएगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला कटक में खेला जाएगा। इस दौरे पर दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय टीम को अब तक कड़ी टक्कर दी है। दक्षिण अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती जबकि वनडे में उसे 1-2 से हार झेलनी पड़ी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच टी-20 में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
कप्तान सूर्यकुमार की परीक्षा:- ये सीरीज कप्तान सूर्यकुमार के लिए चुनौतीपूर्ण होगी। उनकी अगुआई वाली भारतीय टीम के लिए ये सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि अगले साल 7 फरवरी से भारत में आईसीसी टी-20 विश्व कप की शुरूआत होनी है। इस विश्व कप से पहले भारत के पास तैयारी के लिए सिर्फ दो सीरीज हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टी-20 मैचों के बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ भी इतने ही मैचों की सीरीज खेलनी है। इस लिहाज से कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास विश्व कप की तैयारी के लिए सिर्फ 10 मैच बचे हैं। भारतीय टीम इन मैचों का पूरा फायदा उठाना चाहिए।

