रायगढ़ । रायगढ़ स्टेशन से पहले पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) के एक जनरल कोच में बुधवार रात अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना भूपदेवपुर–किरोड़ीमल नगर सेक्शन में उस समय हुई, जब ट्रेन अपनी नियमित गति से गुजर रही थी।
जानकारी के अनुसार, इंजन से तीसरे जनरल कोच में अचानक घना धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति भांपते ही यात्रियों ने सतर्कता दिखाते हुए चेन पुलिंग (एसीपी) कर ट्रेन को रोक दिया। धुआं फैलते ही यात्रियों ने एक-दूसरे को सतर्क किया और कोच से बाहर निकल गए। गनीमत रही कि समय रहते ट्रेन रुक गई और किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली।
घटना के तुरंत बाद ट्रेन में मौजूद एसी मैकेनिक, गार्ड और लोको पायलट ने अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में कोच के भीतर रखे कागज में आग लगने की पुष्टि हुई है। जांच में किसी भी तरह का विद्युत शॉर्ट सर्किट नहीं पाया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि किसी यात्री द्वारा जलती बीड़ी या सिगरेट फेंके जाने से कागज में आग लगी होगी, जिससे धुआं फैल गया। मामले में यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कार्रवाई के भय से कोई भी सामने नहीं आया।

