ललितपुर के बानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के सुबह 3.45 बजे पुलिस मुठभेड़ में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अमजद खान को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक अमजद खान पुत्र सकूर खान, निवासी बानपुर कस्बा, लंबे समय से वांछित था। उस पर नाबालिग से दुष्कर्म के साथ-साथ कई युवतियों को ब्लैकमेल करने के आरोप हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और मौके से पकड़ लिया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ललितपुर भेजा गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया की नाबालिग से दुष्कर्म मामले में वांछित आरोपी सकूर खान को बानपुर पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तर कर लिया है। आरोपी के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ललितपुर भेजा गया है।

