इंदौर : शुक्रवार तड़के बायपास पर रालामंडल के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी है। मौके पर ही कार सवार दो युवक और एक युवती की मौत हो गई है। वहीं, एक अन्य युवती घायल है। मृतक युवती पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन है। साथ ही कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल भी शामिल हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे हुई। ग्रे रंग की नेक्सन कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को कार के हिस्से काटने पड़े। हादसे में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मनसिंधु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अनुष्का नाम की युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पार्टी से लौट रहे थे सभी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार सभी युवक-युवतियां पार्टी से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन था और चारों लोग एक फॉर्म हाउस में पार्टी मनाने के बाद इंदौर लौट रहे थे। कार प्रखर चला रहा था।

अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं सभी

मृतकों और घायल युवती सभी इंदौर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रेरणा बच्चन स्कीम नंबर 74 क्षेत्र की रहने वाली थीं और स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं। प्रखर कासलीवाल तिलक नगर क्षेत्र जबकि मनसिंधु भंवरकुआं इलाके का रहने वाला था। अनुष्का रॉयल अमर ग्रीन क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। मनसिंधु के परिवार का ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है।

ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गहरा दुख जताया और बाला बच्चन के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने इसे अत्यंत हृदयविदारक घटना बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को संबल देने की प्रार्थना की। प्रेरणा बच्चन का अंतिम संस्कार आज शाम बड़वानी स्थित पैतृक गांव किया जाएगा।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  
Exit mobile version