डेस्क: हाई कोलेस्ट्रॉल एक गंभीर लेकिन अक्सर बिना लक्षण वाली बीमारी है। शुरुआत में इसके कोई खास संकेत नजर नहीं आते, लेकिन लंबे समय तक कोलेस्ट्रॉल बढ़ा रहने से खून की नसों में ब्लॉकेज हो सकती है। इससे हार्ट अटैक, स्ट्रोक और दिल से जुड़ी दूसरी बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

कोलेस्ट्रॉल क्या है और यह क्यों बढ़ता है?

कोलेस्ट्रॉल एक चिपचिपा और मोमी पदार्थ होता है, जो हमारे खून में पाया जाता है। शरीर को इसकी थोड़ी मात्रा की जरूरत होती है, लेकिन जब यह जरूरत से ज्यादा बढ़ जाता है तो नसों में जमने लगता है। ज्यादा तला-भुना और मीठा खाना, फिजिकल एक्टिविटी की कमी, फाइबर की कमी, शराब और स्मोकिंग के साथ-साथ जेनेटिक कारणों से भी कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ सकता है। आमतौर पर खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) का स्तर 100 mg/dL से कम होना चाहिए।

क्या हाई कोलेस्ट्रॉल के कोई लक्षण होते हैं?

 डॉ. के अनुसार, हाई कोलेस्ट्रॉल के सीधे और साफ लक्षण ज्यादातर मामलों में नहीं दिखते। अधिकतर लोगों को तब तक पता नहीं चलता, जब तक वे ब्लड टेस्ट नहीं कराते। हालांकि, कुछ लोगों में लंबे समय तक कोलेस्ट्रॉल बहुत ज्यादा बढ़ा रहने पर चेहरे पर इसके संकेत नजर आ सकते हैं।

ज़ैंथेलाज़्मा: आंखों पर दिखने वाला पहला संकेत

ज़ैंथेलाज़्मा हाई कोलेस्ट्रॉल का सबसे आम और साफ दिखने वाला लक्षण है। इसमें आंखों की पलकों के ऊपर या आसपास पीले रंग की नरम गांठें या धब्बे दिखाई देते हैं। ये दर्द रहित होते हैं और त्वचा के नीचे जमा कोलेस्ट्रॉल की वजह से बनते हैं। यह समस्या कम उम्र के लोगों में भी देखी जा सकती है, खासकर जिनमें जेनेटिक हाई कोलेस्ट्रॉल होता है।

कॉर्नियल आर्कस: आंखों के चारों ओर सफेद रिंग

कॉर्नियल आर्कस में आंख की पुतली के चारों ओर सफेद, ग्रे या नीले रंग की गोल रिंग दिखाई देती है। बुजुर्गों में यह उम्र के साथ सामान्य हो सकता है, लेकिन 45 साल से कम उम्र में इसका दिखना हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत माना जाता है।

ज़ैंथोमा: चेहरे पर छोटे पीले उभार

कुछ लोगों में हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण ज़ैंथोमा की समस्या हो सकती है। इसमें चेहरे, गालों या आंखों के आसपास छोटे-छोटे पीले उभार या गांठें दिखाई देती हैं। ये फैट जमा होने की वजह से बनते हैं और हाई कोलेस्ट्रॉल से जुड़े होते हैं।

त्वचा में बदलाव भी हो सकता है संकेत

लंबे समय तक कोलेस्ट्रॉल बढ़ा रहने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है। इसकी वजह से चेहरे की त्वचा बेजान, फीकी या अनहेल्दी दिख सकती है। यह हाई कोलेस्ट्रॉल का सीधा लक्षण नहीं है, लेकिन एक चेतावनी जरूर हो सकता है।

हर किसी में दिखें, ऐसा जरूरी नहीं

डॉक्टरों के अनुसार, हाई कोलेस्ट्रॉल वाले ज्यादातर लोगों के चेहरे पर कोई भी लक्षण नजर नहीं आते। चेहरे पर ये संकेत तभी दिखाई देते हैं, जब कोलेस्ट्रॉल का स्तर बहुत ज्यादा और लंबे समय तक कंट्रोल से बाहर रहता है। इसका मतलब है कि स्थिति पहले से गंभीर हो सकती है।

जांच ही है सबसे भरोसेमंद तरीका

हाई कोलेस्ट्रॉल की पहचान का सबसे भरोसेमंद तरीका ब्लड टेस्ट है। अगर चेहरे या आंखों के आसपास ऊपर बताए गए कोई भी संकेत दिखें, तो तुरंत लिपिड प्रोफाइल जांच करानी चाहिए। समय पर जांच, हेल्दी डाइट, नियमित एक्सरसाइज और जरूरत पड़ने पर दवाइयों से हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसे खतरों से बचा जा सकता है।

यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। यह किसी भी तरह से डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या में डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।  

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version